सात लड़कियों का किया पुलिस द्वारा किया गया रेस्क्यू।
नालागढ़ 4 अगस्त,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ रजनीश ठाकुर
नालागढ़ उपमंडल के रोपड़ रोड पर सैनी माजरा में स्थित भूपेंद्रा होटल में पुलिस ने अवैध देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की। मिली जानकारी के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर नालागढ़ थाना प्रभारी राकेश रॉय की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने होटल पर छापेमारी की, जिसमें सात लड़कियों को अवैध देह व्यापार से रेस्क्यू किया गया।
इस ऑपरेशन के दौरान दो व्यक्तियों, जो खुद को होटल के कर्मचारी बता रहे थे, को हिरासत में लिया गया। हालांकि, होटल का मालिक समेत अन्य मैनेजमेंट कर्मचारी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
इस बात की पुष्टी करते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह रेड गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें पता चला था कि भूपेंद्रा होटल में लंबे समय से अवैध देह व्यापार का धंधा चल रहा था।
रेड के दौरान पुलिस ने सात लड़कियों को सुरक्षित निकाला, जिन्हें कथित तौर पर इस गैरकानूनी गतिविधि में जबरन शामिल किया गया था। हिरासत में लिए गए कर्मचारियों से पूछताछ जारी है, ताकि इस रैकेट के पीछे के मास्टरमाइंड और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके।

मीडिया से बातचीत के दौरान नालागढ़ के DSP भीष्म ठाकुर ने कहा कि “पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है। इस मामले की पूरी जानकारी और तथ्यों का खुलासा 5 अगस्त को सुबह 10 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया जाएगा।”
उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। DSP ठाकुर ने यह भी बताया कि रेस्क्यू की गई लड़कियों की सुरक्षा और पुनर्वास के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं, और उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।










