/पुलिस कांस्टेबल नशा तस्करी में दोषी पाए जाने पर बर्खास्त।

पुलिस कांस्टेबल नशा तस्करी में दोषी पाए जाने पर बर्खास्त।

सोलन, 9 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग ने नशा तस्करी के गंभीर मामले में अपने ही एक कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया है।

यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि दिनांक 16 मई 2025 को पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हरीश शर्मा निवासी जदारी, कंडाघाट (आयु 31 वर्ष) को 11.33 ग्राम चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। मामले की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि इस तस्करी में एक और युवक शामिल था। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संलिप्त आरोपी की पहचान ललित कंवर पुत्र बलजीत सिंह, निवासी डाकघर जाबली, तहसील कसौली, जिला सोलन (आयु 28 वर्ष) के रूप में हुई।

उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि ललित कंवर पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने उसे 19 जून 2025 को गिरफ्तार किया और तत्पश्चात विभाग ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। नियमित विभागीय जांच के बाद आरोप पूर्ण रूप से सिद्ध हो गए।

जांच में पाया गया कि कांस्टेबल ललित कंवर का यह कृत्य न केवल विभागीय अनुशासन का उल्लंघन है, बल्कि इससे पूरे पुलिस बल की छवि धूमिल हुई है और जनता के विश्वास को गहरा आघात पहुंचा है।

इसी आधार पर 8 सितम्बर 2025 को पुलिस विभाग ने कांस्टेबल ललित कंवर को सेवा से बर्खास्त कर दिया। उसके विरुद्ध अभियोग से संबंधित न्यायिक प्रक्रिया भी जारी है।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने नशा तस्करी को खत्म करने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई हुई है और सोलन पुलिस सप्लाई एवं डिमांड दोनों स्तरों पर नशा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर रही है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के घृणित कृत्यों में संलिप्त किसी भी पुलिस कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।