नालागढ़, 17 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
नालागढ़ थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने वाले चार युवकों के खिलाफ Arms Act के तहत अभियोग दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों से संबंधित पोस्टों की जांच के दौरान यह मामले सामने आए।
तस्दीक में आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र कुमार पुत्र कमल कुमार, सतनाम सिंह पुत्र अमरा सिंह, निवासी गांव बीड़ प्लासी, डाकघर मंझौली, दिनेश पुत्र पप्पू राम निवासी गांव माजरा, डाकघर दभोटा तथा राहुल खान पुत्र सलीम अख्तर निवासी वार्ड नं. 2 नालागढ़ के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि इनमें से किसी भी आरोपी के पास हथियार का लाइसेंस नहीं है। अवैध हथियारों के साथ पोस्ट डालना न केवल अपराध है, बल्कि समाज में भय और दहशत का माहौल पैदा करता है तथा युवाओं को अपराध की ओर उकसाता है।
यह कार्रवाई बद्दी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन गन डाउन” के तहत की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।








