सोलन, 6 अक्टूबर ,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा
कोर्ट ऑफ कलेक्टर-कम-असिस्टेंट रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटीज सोलन द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट की अनुपालना करते हुए सुबाथू पुलिस चौकी की टीम ने आज आड़त बाज़ार, सुबाथू निवासी भूमेश गर्ग पुत्र नरेश गर्ग को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक़ गत 03 अक्टूबर को कोर्ट द्वारा भूमेश गर्ग के विरुद्ध धारा 75(A) भूमि राजस्व अधिनियम, 1954 के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। आरोप है कि भूमेश गर्ग ने गैर कृषक ऋण व बचत सहकारी सभा, सुबाथू से ऋण लिया था, परंतु वह तय अवधि में राशि वापस करने में विफल रहा। इस कारण उसे सोसायटी द्वारा डिफॉल्टर घोषित किया गया।
सूत्रों के अनुसार, भूमेश गर्ग की कुल देनदारी ₹2,66,39,483 रुपये (ब्याज सहित) बनती है।

लगातार नोटिस भेजे जाने के बावजूद वह कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
आज सुबाथू पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सहायक पंजीयक सभाएँ, सोलन की अदालत में पेश किया। अदालत में आगे की कार्रवाई के तहत ऋण वसूली से संबंधित सुनवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि कोर्ट के निर्देशानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।








