नालागढ़, 6 अक्तूबर ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
पेंशनर एवं सीनियर सिटीजन संगठन नालागढ़ की मासिक बैठक आज संगठन के प्रधान नरेश घई की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें प्रदेश सरकार के प्रति पेंशनरों में गहरा रोष देखने को मिला।

मिली जानकारी के मुताबिक़ बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2016 से 2022 के मध्य सेवानिवृत्त हुए पेंशनर विशेष रूप से सरकार की उपेक्षा का शिकार हैं। उनके लाखों रुपये के बकाया भुगतान अब तक लंबित पड़े हैं, जिससे पेंशनरों में भारी असंतोष व्याप्त है।

संगठन के प्रधान नरेश घई ने बताया कि बैठक में यह भी बताया गया कि एच.आर.टी.सी. से सेवानिवृत्त पेंशनरों को अब तक पिछले माह की पेंशन भी प्राप्त नहीं हुई है। कई पेंशनर अपने एरियर और मेडिकल बिलों की प्रतीक्षा करते-करते असमय मृत्यु को प्राप्त हो चुके हैं।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं किया तो पेंशनरों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
संगठन ने मांग की कि सभी लंबित बकाया और एरियर का एकमुश्त भुगतान किया जाए तथा डी.ए. की बकाया किश्तें दिवाली से पहले जारी की जाएं, ताकि पेंशनरों को राहत मिल सके। साथ ही संगठन ने बद्दी-नालागढ़ एनएच (निर्माणाधीन) कार्य में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए कहा कि अधूरे कार्य के कारण आए दिन जान-माल का नुकसान हो रहा है।

संगठन ने फोरलेन कार्य को शीघ्र पूरा करने और नालागढ़ अस्पताल में मेडिकल स्पेशलिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट और हड्डी रोग विशेषज्ञ के पद शीघ्र भरने की भी मांग की।
बैठक में कैलाश राणा, दलीप राणा, जगतार सिंह, हुकुम सिंह, ठाकुर सिंह, लाजवंती, निर्मला, राम नरेश, सुशील कुमार, भजू राम, दिलेले सिंह, हेम राज भंडारी, तीर्थ चंद, सोहन लाल चंदेल, मनोहर सिंह, साद राम और मास्टर बक्शी राम सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।










