शिमला (सुन्नी) 04 नवंबर
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /वर्मा
शिमला जिले की ग्राम बनूना (गागल क्षेत्र), तहसील सुन्नी में सड़क निर्माण के बाद ठेकेदार द्वारा की गई मलबा डंपिंग को लेकर ग्राम विकास समिति बनूना ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। समिति ने संबंधित विभागों को शिकायत भेजकर जंगल और स्थानीय आबादी को संभावित खतरे की ओर ध्यान आकर्षित किया है।

यह जानकारी देते हुए इंजीनियर हरि कृष्ण हिमराल ने बताया कि शिकायत में कहा गया है कि गढेरी मार्ग निर्माण कार्य के उपरांत ठेकेदार ने मलबे को ग्राम सीमा के भीतर गागल क्षेत्र में फेंक दिया है, जिससे आसपास के पेड़-पौधों, रिहायशी मकानों और खेती योग्य भूमि को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

समिति ने आशंका जताई है कि बरसात या भूस्खलन की स्थिति में बड़ा नुकसान हो सकता है।

समिति ने वन विभाग, पर्यावरण संरक्षण समिति, लोक निर्माण विभाग एवं राज्य सरकार से मांग की है कि:
ठेकेदार के विरुद्ध जांच की जाए,
डंप की गई सामग्री को सुरक्षित स्थान पर हटाया जाए और भविष्य में इस प्रकार की डंपिंग पर स्थायी रोक लगाई जाए।
ग्राम विकास समिति की बैठक में पारित यह प्रस्ताव संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है।









