पुलिस की फौरी कार्रवाई और मोबाइल लोकेशन ट्रेसिंग ने की बड़ी सफलता
सोलन, 18 नवंबर
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
सोलन में रह रहे एक नेपाली मूल के युवक द्वारा अपने तीन वर्षीय बेटे को लेकर अचानक लापता होने के मामले में सोलन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के आधार पर पिता–पुत्र दोनों को नेपाल बॉर्डर के निकट उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती पूनम, पत्नी चांद (निवासी नेपाल, हाल रिहायश टैंक रोड, सोलन) ने पुलिस थाना सदर सोलन में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके पति चांद (उम्र 28 वर्ष) दिनांक 06-11-2025 को बिना बताये घर से चले गए और अपने साथ तीन वर्षीय बेटे सारांश को भी ले गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। प्रदेश के सभी थाना/चौकियों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों को भी गुमशुदगी की सूचना जारी की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी लोकेशन नेपाल सीमा क्षेत्र के आसपास चिन्हित की।
इसके बाद सदर सोलन पुलिस की विशेष टीम को मौके पर भेजा गया, जिसने दिनांक 16-11-2025 को उत्तर प्रदेश के बहराइच जिला स्थित रूपेडिया क्षेत्र से गुमशुदा चांद और उनके पुत्र सारांश को सुरक्षित बरामद कर लिया।
सोलन पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय स्तर पर व्यापक सराहना हो रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई प्रचलन में है।








