/300 करोड़ घोटाले का खुलासा करने वाली SDM पर जांच, बेनामी सौदे के आरोप।

300 करोड़ घोटाले का खुलासा करने वाली SDM पर जांच, बेनामी सौदे के आरोप।

सोलन, 02 मई
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश के सोलन में चर्चित चेस्टर हिल्स हाउसिंग घोटाले से जुड़ा एक बड़ा प्रशासनिक मामला सामने आया है। घोटाले का खुलासा करने वाली एसडीएम पूनम बंसल अब खुद बेनामी संपत्ति के आरोपों में घिर गई हैं।

कार्यवाहक डीजीपी ने उनके खिलाफ विजिलेंस व अनुशासनात्मक जांच की सिफारिश कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक इन बारे जांच रिपोर्ट के अनुसार, एक जमीन सौदे से पहले उनके पति द्वारा तीसरे व्यक्ति के खाते में करीब 40 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए, जिसके बाद विवादित जमीन किसी अन्य नाम पर दर्ज की गई। इसे बेनामी लेनदेन का मामला माना जा रहा है।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि संबंधित जमीनों से जुड़े मामले एसडीएम कोर्ट में लंबित थे, जिससे हितों के टकराव के आरोप भी लगे हैं। साथ ही, फंड को बिचौलियों के माध्यम से विभिन्न खातों में ट्रांसफर करने के संकेत मिले हैं।

उल्लेखनीय है कि चेस्टर हिल्स में करीब 300 करोड़ रुपये के घोटाले की जांच स्वयं एसडीएम बंसल ने की थी। अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर साजिश की आशंका भी जताई जा रही है।

फिलहाल उपायुक्त स्तर पर मामले की समीक्षा जारी है। आरोप साबित होने पर विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ बेनामी संपत्ति अधिनियम के तहत आपराधिक मामला दर्ज हो सकता है।