/दाडलाघाट में 2 लाख की चोरी का मामला सुलझा, बेंगलुरु से पेंटर गिरफ्तार ।

दाडलाघाट में 2 लाख की चोरी का मामला सुलझा, बेंगलुरु से पेंटर गिरफ्तार ।

सोलन (दाडलाघाट) 20 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के सोलन जिले के पुलिस थाना दाडलाघाट ने घर में हुई 2 लाख रुपये की चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए आरोपी पेंटर को कर्नाटक के बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक़ गांव बांजन निवासी शिकायतकर्ता दीनानाथ ने बताया कि उन्होंने अपने घर में पेंट का कार्य करवाने के लिए कमलेश और दीपक पटेल को 07 सितंबर 2025 से काम पर लगाया था। 19 सितंबर को वे अपनी पत्नी के साथ दाडलाघाट गए थे और शाम को लौटने पर दीपक पटेल ने कहा कि उसके गांव में मकान गिर रहा है, जिसके कारण उसे अचानक जाना पड़ रहा है।

25 सितंबर को जब शिकायतकर्ता ने अलमारी का लॉकर खोला, तो उसमें रखे उनकी पत्नी के गहने — मंगलसूत्र, कान के कांटे, अंगूठी — और 1 लाख रुपये नकद गायब पाए गए। चोरी गई संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 2 लाख रुपये बताया गया।

शिकायतकर्ता ने संदेह व्यक्त किया कि चोरी की वारदात दीपक पटेल ने ही की है, जो घर में पेंटिंग का कार्य कर रहा था। मामला FIR संख्या 80/2025, दिनांक 04-11-2025, धारा 305(a), 332(c) BNS के अंतर्गत दर्ज किया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश में जिले के समस्त थानों, चौकियों और पड़ोसी राज्यों को सूचना भेजी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपी की लोकेशन कर्नाटक के बेंगलुरु में ट्रेस की गई।

दाडलाघाट थाना पुलिस की टीम ने 18 नवंबर 2025 को आरोपी दीपक कुमार पटेल (22 वर्ष) पुत्र बैजनाथ पटेल, निवासी गांव गोपालपुर, जिला कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया और उसे ट्रांजिट रिमांड पर सोलन लाया गया।

आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, जबकि चोरी किए गए सामान की बरामदगी को लेकर आगे की कार्यवाही जारी है।