पुराने चेहरे पीछे हटने के संकेत।
बीबीएन (नालागढ़ ), 2 मई ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन के नालागढ़ नगर परिषद क्षेत्र में इस बार विकास की कमान संभालने के लिए युवा पीढ़ी तेजी से आगे आ रही है।
स्थानीय स्तर पर यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि अनुभवी और पुराने धुरंधर नेता इस बार परिषद की जिम्मेदारी युवाओं को सौंपने के मूड में दिखाई दे रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाल ही में चुनावी प्रक्रिया के दौरान परिषद के नौ वार्डों में सदस्यता के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने रुचि दिखाई है।
विभिन्न वार्डों से जुड़े इन युवाओं ने अपने-अपने समर्थकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि क्षेत्र में बढ़ती युवा भागीदारी न केवल नेतृत्व में बदलाव का संकेत है, बल्कि इससे विकास कार्यों में नई ऊर्जा और आधुनिक सोच के आने की उम्मीद भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि युवाओं को मौका मिलता है, तो वे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, रोजगार और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए नई योजनाएं ला सकते हैं।
अब देखना होगा कि आने वाले चुनावों में जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है और क्या वाकई इस बार नालागढ़ परिषद की बागडोर युवा हाथों में जाती है या नहीं।









