पिकअप चालक पर मामला दर्ज
नालागढ़, 26 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
थाना बरोटीवाला के तहत गांव सुरजपुर टिपरा में आज एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 1 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर के आँगन में खेलती यह नन्ही सी जान कुछ ही पलों में तेज रफ्तार और लापरवाही की भेंट चढ़ गई।
पुलिस के अनुसार यह हादसा पिकअप वाहन नंबर HP-65-4712 के चालक प्रेम चंद, निवासी सुरजपुर टिपरा, द्वारा तेज और असावधानीपूर्वक ड्राइविंग करने के कारण हुआ। दुर्घटना के दौरान वाहन सीधे बच्ची के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिवार चीख-पुकार में टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना बरोटीवाला की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच जारी है।
गांव के लोग इस दर्दनाक घटना से सदमे में हैं और मासूम की असामयिक मौत ने क्षेत्र में गहरा शोक पैदा कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









