/हिमाचल में चिट्टा विरोधी मुहिम बना जन आन्दोलन ।

हिमाचल में चिट्टा विरोधी मुहिम बना जन आन्दोलन ।

सरकार का माफिया पर निर्णायक प्रहार

शिमला 7 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल प्रदेश सरकार का चिट्टा विरोधी अभियान अब एक व्यापक जन आन्दोलन का रूप ले चुका है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्यभर में नशा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। शिमला और धर्मशाला में आयोजित वॉकथॉन में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि बच्चों का भविष्य नष्ट करने वाले चिट्टा सौदागरों के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं है।

सरकार ने कानूनी स्तर पर भी मोर्चा मजबूत किया है। चिट्टे पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स को एकीकृत स्पेशल टास्क फोर्स में बदला गया है। नए विधेयकों में नशा तस्करों के लिए मृत्युदंड, आजीवन कारावास, 10 लाख रुपये तक जुर्माना और संपत्ति जब्ती जैसे कठोर प्रावधान किए गए हैं।

पिछले तीन वर्षों में पुलिस ने 5642 मामले दर्ज, 8216 गिरफ्तारियां और 36.657 किलोग्राम चिट्टा बरामद किया है। पंचायत स्तर पर नशा निवारण समितियाँ बनाई जा रही हैं, जबकि स्कूलों में जागरूकता अध्याय जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री का स्पष्ट मत है कि नशे के आदी युवा अपराधी नहीं, बल्कि पीड़ित हैं। उनके लिए उपचार और पुनर्वास की नई योजनाएँ लागू की गई हैं।

हिमाचल को चिट्टामुक्त बनाने का सरकार का संकल्प अब एक संगठित सामाजिक आंदोलन में बदल चुका है।