नालागढ़ 10 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
नालागढ़ कॉलेज की छात्राओं ने शनिवार को एबीवीपी के बैनर तले स्थानीय एसडीएम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।

कॉलेज के पीछे पुलिस थाने की ओर जाने वाले मार्ग पर आए दिन मनचलों द्वारा की जा रही छेड़छाड़ की घटनाओं से परेशान छात्राओं ने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।

छात्राओं ने कहा कि इस रास्ते से कॉलेज आने-जाने में उन्हें लगातार असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रबंधन व प्रशासन से नियमित पुलिस गश्त शुरू करने और मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाई।

प्रशासन ने छात्राओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी कैमरे जल्द लगाने का आश्वासन दिया। साथ ही पुलिस विभाग ने भी स्थिति पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आज से ही गश्त बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

छात्राओं ने प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया का स्वागत किया, लेकिन कहा कि जब तक सुरक्षा व्यवस्था पूर्ण रूप से लागू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखने का विकल्प खुला रहेगा।








