अफसरों को ‘रात में निपटा देंगे’ की धमकी से हिमाचल में अराजकता का माहौल—शर्मा का तीखा प्रहार
शिमला 12 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर मंडी में आयोजित सम्मेलन को लेकर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं वरिष्ठ विधायक रणधीर शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि यह जश्न नहीं, बल्कि सरकार की नाकामियों और आंतरिक टूट का खुला प्रदर्शन था।
शर्मा ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा मुख्यमंत्री को मंच से ही ‘निकम्मा और निर्णयहीन’ कहना अभूतपूर्व घटना है, जिसने सरकार की अंदरूनी कलह को सार्वजनिक कर दिया।
उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब किसी सरकार का दूसरा सबसे बड़ा पदाधिकारी अपने ही मुख्यमंत्री की छवि को मंच से ध्वस्त करता दिखा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल द्वारा अग्निहोत्री को “मैन ऑफ द मैच” बताना इस विवादित बयानबाज़ी को मानो वैधता प्रदान करता है।
अफसरों को धमकी—लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पतन : शर्मा
उपमुख्यमंत्री के उस बयान—“अफसरों को रात के अंधेरे में निपटा देंगे, नेस्तनाबूद कर देंगे”—पर हमला बोलते हुए शर्मा ने कहा कि यह भाषा हिमाचल की शालीन राजनीतिक परंपरा पर सीधा प्रहार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विकास के आंकड़े न होने पर अब डराने–धमकाने की राजनीति अपना रही है, जिससे प्रदेश का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित हो सकता है।
तीन साल के जश्न पर सवाल—विफलताओं का महोत्सव : भाजपा नेता
शर्मा ने कांग्रेस सरकार से पूछा कि तीन साल में कौन-सी उपलब्धि पर जश्न मनाया जा रहा है?
उन्होंने कहा कि झूठी गारंटियों का एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई,हिमकेयर, सहारा, शगुन जैसी राहत योजनाएँ बंद कर दीं,
बिजली-पानी के बिलों में भारी वृद्धि की,विकास कार्य विधायक निधि बंद होने से ठप हो गए,
स्टैंप ड्यूटी, सीमेंट और पेट्रोल–डीजल महंगे कर जनता को आर्थिक संकट में धकेला।
उन्होंने कहा कि “सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है—मंहगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्था का बोझ जनता पर डालना।”
आपदा से जूझते मंडी में जश्न—संवेदनहीनता की पराकाष्ठा
शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार ने रैली के लिए वही जिला चुना जहाँ हालिया प्राकृतिक आपदाओं ने सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि कई प्रभावित परिवार अब भी राहत के इंतजार में हैं, जबकि सरकार उसी जिले में भव्य उत्सव मना रही है।
यह भी आरोप लगाया गया कि रैली की व्यवस्थाओं में आपदा राहत राशि का दुरुपयोग किया गया।
रैली में कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं—सरकारी तंत्र अधिक : भाजपा का दावा
शर्मा के अनुसार रैली में वास्तविक कांग्रेस कार्यकर्ता कम और सरकारी कर्मचारी व लाभार्थी अधिक दिखाई दिए, जिसे उन्होंने सरकारी तंत्र द्वारा जुटाई भीड़ करार दिया।
2027 में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी जनता : शर्मा
उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अभद्र भाषा, फूट, जनविरोधी फैसलों और झूठे वादों से तंग आ चुकी है।
“2027 के चुनाव में जनता कांग्रेस को एक-एक गलती का जवाब देगी और भाजपा को प्रचंड बहुमत से सत्ता में लाएगी।”









