नालागढ़, 30 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़ | ब्यूरो | वर्मा
सोलन जिले के रामशहर क्षेत्र में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 24 वर्षीय नवविवाहित युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की शादी को अभी चार महीने ही हुए थे, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा 29 दिसंबर 2025 की रात करीब 9 बजे बिठन क्षेत्र में हुआ। ऑल्टो K10 कार (HP-37E-8482) रामशहर से चमदार की ओर जा रही थी।

तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और जामुन के पेड़ से टकराकर लगभग 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे में कार सवार तीनों युवक घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की सहायता से बाहर निकाला गया। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से CHC रामशहर पहुंचाया गया, जहां चालक जसवीर ने उपचार से पहले ही दम तोड़ दिया, अन्य दो घायल हेमंत (25) और विक्रम कुमार (33) की गंभीर हालत को देखते हुए पहले नालागढ़ और बाद में PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया।
पुलिस थाना रामशहर में इस संबंध में FIR संख्या 55/2025 दिनांक 30.12.2025 को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 281, 125A एवं 106 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना पाया गया है। घटना स्थल पर किसी अन्य वाहन या पशु की मौजूदगी नहीं पाई गई।
मामले की जांच SI बलबीर सिंह, अन्वेषणाधिकारी थाना रामशहर द्वारा की जा रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।








