/केंद्रीय बजट दिशाहीन, हिमाचल के साथ कुठाराघात – विनय कुमार

केंद्रीय बजट दिशाहीन, हिमाचल के साथ कुठाराघात – विनय कुमार

शिमला 02 फरवरी
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्रीय बजट पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इस बार केंद्र सरकार ने बजट के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई है।

उन्होंने कहा कि बजट में किसी भी वर्ग को न तो कोई ठोस लाभ मिला है और न ही कोई राहत—इसकी न कोई दिशा है और न ही दशा।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विनय कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के साथ इस बजट में गंभीर अन्याय किया गया है, जिसके खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश कोई खैरात नहीं, बल्कि अपना हक मांग रहा है। आपदा राहत को लेकर केंद्र से उम्मीद थी, लेकिन प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की राशि भी आज तक प्रदेश को नहीं मिली।

उन्होंने राजस्व घाटा अनुदान बंद करने पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बजट में हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों की घोर उपेक्षा की गई है। न पर्यटन विकास के लिए कोई योजना दी गई, न बागवानी और कृषि के लिए कोई ठोस प्रावधान किया गया।

जलविद्युत परियोजनाओं, रेल विस्तार और विशेषकर बिलासपुर–भानुपली रेल लाइन पर भी कोई स्पष्टता नहीं है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की नीतियों से बागवानी आधारित अर्थव्यवस्था पहले ही संकट में है।

विनय कुमार ने कहा कि केंद्र चाहे जितनी भी बाधाएं डाले, प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने रास्ते से नहीं डगमगाएगी और ओपीएस को जारी रखा जाएगा।

उन्होंने प्रदेश से चुने गए सभी भाजपा सांसदों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश की चिंता नहीं है और प्रदेश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।