जनता में बढ़ता आक्रोश।
सोलन 4 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ मनमोहन सिंह
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में चेस्टर हिल्स प्रोजेक्ट और नालागढ़ स्थित किनविन फैक्ट्री को लेकर राजनीतिक दलों की चुप्पी पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
प्रदेश की दो प्रमुख पार्टियां बीजेपी और कांग्रेस इन दोनों मामलों में खुलकर सामने नहीं आ रही हैं, जिससे आम जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
चेस्टर हिल्स प्रकरण में कथित रूप से अरबों रुपये के बेनामी लेनदेन और प्रशासनिक स्तर पर हुई कार्रवाई पर भी सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहा। तत्कालीन एसडीएम की रिपोर्ट को मुख्य सचिव द्वारा बिना विस्तृत जांच के खारिज करने के फैसले ने भी पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए हैं।
वहीं, नालागढ़ की किनविन फैक्ट्री को लेकर स्थानीय लोगों में भारी चिंता है। आरोप है कि इस फैक्ट्री को ऐसे रसायनों के उत्पादन के लिए स्थापित किया गया है, जिनका मानव जीवन और पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री की स्थापना के समय कई महत्वपूर्ण जानकारियां छुपाई गईं और जल स्रोतों के पास इसे स्थापित कर दिया गया, जो नियमों के खिलाफ है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि फैक्ट्री को बंद किया जाए, जबकि प्रबंधन का तर्क है कि इसमें अरबों रुपये का निवेश हुआ है, इसलिए इसे बंद करना संभव नहीं। अब सवाल यह उठता है कि सरकार के लिए अधिक महत्वपूर्ण क्या है—मानव जीवन या आर्थिक निवेश।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन दोनों मामलों में स्पष्ट रुख न अपनाने से यह संदेश जा रहा है कि सत्ता और प्रशासनिक तंत्र निवेशकों के साथ खड़ा है, जबकि आम जनता खुद को असहाय महसूस कर रही है।
स्थिति को देखते हुए लोग निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि न्याय केवल हो ही नहीं, बल्कि होता हुआ दिखाई भी दे।








