पुलिस ने किए दो आरोपी गिरफ्तार
नालागढ़/बद्दी, 15 अप्रैल
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन में जेल सुरक्षा को भेदने की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। पुलिस थाना मानपुरा के तहत उप-कारागार किशनपुरा में प्रतिबंधित सामान और हथियार अंदर पहुंचाने की कोशिश करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को जेल वार्डर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि जेल की बाहरी सुरक्षा दीवार के पास दो संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे थे। संदेह के आधार पर जब जेल स्टाफ ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को मौके पर ही दबोच लिया गया।
तलाशी के दौरान पकड़े गए आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल के साथ जर्दा और बीड़ी के पैकेट बरामद किए गए, जिन्हें वह जेल परिसर में फेंकने की योजना बना रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नंद लाल उर्फ नंदू पुत्र मान सिंह, निवासी गांव सेरी, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है।
वहीं फरार आरोपी निर्मल उर्फ काकू, निवासी गांव प्लासी को भी पुलिस ने 15 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में यह एक सुनियोजित साजिश प्रतीत हो रही है, जिसकी कड़ियों को खंगाला जा रहा है।









