विकास को लेकर रखीं 7 बड़ी शर्तें।
सोलन (धर्मपुर), 18 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ मनमोहन सिंह
पंचायत चुनाव से पहले सोलन जिले के धर्मपुर के बुजुर्ग मतदाताओं ने एक अनोखी पहल करते हुए अपना “जन घोषणापत्र” जारी किया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि वे उन्हीं उम्मीदवारों को वोट देंगे जो गांव के विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर ठोस योजना और भरोसा देंगे।
घोषणापत्र में सबसे अहम मांग बहुउद्देशीय खेल मैदान की है, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखा जा सके। इसके अलावा पेयजल संकट के समाधान, गांव की सफाई व्यवस्था में सुधार, बाजार क्षेत्र में पार्किंग व टैक्सी स्टैंड की सुविधा, एमईएस की जमीन को पंचायत के उपयोग में लाने, और बुजुर्गों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है।
मतदाताओं ने यह भी कहा है कि हर प्रत्याशी को यह स्पष्ट करना होगा कि उसे क्यों चुना जाए और वह गांव के लिए क्या ठोस कार्य करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई पंचायत संकीर्ण राजनीति से ऊपर उठकर इन मुद्दों पर काम करेगी।
इस पहल को लोकतंत्र में मतदाताओं की बढ़ती जागरूकता और भागीदारी का संकेत माना जा रहा है।








