भाजपा का कांग्रेस व INDI गठबंधन पर हमला
शिमला, 19 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता बताते हुए कांग्रेस और INDI गठबंधन पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि यह केवल कानून नहीं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस और लागू करने योग्य ढांचा है।
डॉ. सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पिछले 50 वर्षों तक महिला आरक्षण को लंबित रखा, जबकि मोदी सरकार ने इसे जमीन पर उतारने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से महिलाओं को शासन और विकास के केंद्र में रखा गया है, जिससे वे अब लाभार्थी नहीं बल्कि विकास की भागीदार बन चुकी हैं।
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन और उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में गरिमा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित की है। साथ ही, उन्होंने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सिविल सेवा, STEM और सेना जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक बदलाव बताया।
वहीं, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” जैसे नारे तब खोखले लगते हैं जब महिला सशक्तिकरण के सबसे बड़े अवसर को ही छोड़ दिया जाए। उन्होंने प्रियंका गांधी से इस पर जवाब मांगा।
भाजपा नेताओं ने विपक्ष के रुख को महिलाओं के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हैं और इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगी।









