शिमला (नाहन )20 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी 71 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की सूची में मुस्लिम समुदाय को प्रतिनिधित्व न मिलने पर ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी ने कड़ा विरोध जताया है।
संगठन ने इसे अल्पसंख्यकों की अनदेखी बताते हुए प्रदेश नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
सोसाइटी के मुख्य सलाहकार नसीम दीदान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शकील अहमद और जिला सिरमौर मुस्लिम कमेटी के प्रधान सलीम अहमद ने संयुक्त बयान में कहा कि सूची में एक भी मुस्लिम सदस्य का शामिल न होना चिंताजनक है।
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
नसीम दीदान ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में राज्य हज कमेटी, वक्फ बोर्ड और प्रधानमंत्री 15 सूत्री कार्यक्रम का गठन नहीं हो पाया, जो अल्पसंख्यक समुदाय के साथ अन्याय है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कांग्रेस नेतृत्व मुस्लिम समाज को संगठनात्मक ढांचे से बाहर क्यों रख रहा है।
सोसाइटी का कहना है कि नाहन, पांवटा साहिब, चौपाल और चंबा जैसे क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय की प्रभावी भागीदारी को नजरअंदाज करना आने वाले समय में कांग्रेस के लिए राजनीतिक नुकसान का कारण बन सकता है।









