शिमला 20 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
महिला आरक्षण बिल को लेकर देशभर में सियासी बहस तेज हो गई है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) के महासचिव हरि कृष्ण हिमराल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

हिमराल ने BJP पर “महिला विरोधी सोच” रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का महिला सशक्तिकरण में “स्वर्णिम इतिहास” रहा है, जबकि भाजपा केवल चुनावी लाभ के लिए राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में महिलाओं को शीर्ष पदों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि कई मामलों में उसका रुख महिलाओं के सम्मान के खिलाफ रहा है। साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों के मुद्दे को भी उठाते हुए इसे “दमनकारी रवैया” बताया।
महिला आरक्षण बिल पर बोलते हुए हिमराल ने कहा कि इसकी शुरुआत कांग्रेस ने 1996 में की थी और UPA सरकार के दौरान इसे राज्यसभा से पारित कराया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले इसका विरोध किया, जबकि अब इसे चुनावी फायदे के लिए दोबारा मुद्दा बनाया जा रहा है।
हिमराल ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर पार्टी वास्तव में महिलाओं के प्रति गंभीर है, तो 2029 के लोकसभा चुनावों में बिना परिसीमन के ही महिला आरक्षण लागू करे।









