नालागढ़ 22 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
आयुष विभाग के अंतर्गत आज आयुषमान आरोग्य मंदिर, नंगल द्वारा वर्धमान पॉलीटेक्स लिमिटेड कंपनी में स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम एवं नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीतू ठाकुर ने किया। उन्होंने कुल 67 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. ठाकुर ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में लोगों को नशा मुक्ति, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संतुलित खान-पान, दैनिक दिनचर्या में सुधार और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

साथ ही मेडिकल कैंप में आए सभी व्यक्तियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें मधुमेह (शुगर), हीमोग्लोबिन (HB) और ब्लड प्रेशर (BP) की जांच शामिल रही। जरूरतमंद लोगों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।

इस अवसर पर योगा गाइड अजैब सिंह नायर ने प्रतिभागियों को योग के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए सर्वांगासन, धनुरासन, मकरासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम और शीर्षासन का अभ्यास करवाया।
कार्यक्रम में निशा (आयुष फार्मा अधिकारी), दीवान चंद, तथा कंपनी की ओर से अमित पांडे (GM), आर.पी. लोंगिया (HR हेड), बिजेंद्र सिंह (R&D हेड), नवजोत कौर राणा (HR) सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।









