आरोपी गिरफ्तार, लोहे की सरिया बरामद
शिमला, 23 अप्रैल ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
जिला शिमला के पुलिस थाना कोटखाई में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
18 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि थरोला बस स्टैंड पर खड़ी एक HRTC बस में अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़फोड़ की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बस का आगे का शीशा, दोनों हेडलाइट्स और इंडिकेटर क्षतिग्रस्त पाए गए।
बस चालक तरसेम लाल (जिला कांगड़ा निवासी) के बयान के आधार पर PDPP Act की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने लोहे की सरिया से वार कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। इसके आधार पर आरोपी की पहचान सोनू पुत्र स्व. सुरेंद्र, निवासी गांव दवांडी, डाकघर थरोला, तहसील कोटखाई के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की सरिया भी बरामद कर ली है, जिससे आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि हुई है।
मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









