सोलन, (अर्की)26 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दाड़लाघाट पुलिस ने 491 ग्राम चरस बरामदगी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी के साथ-साथ सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को थाना दाड़लाघाट पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव खाता, दाड़लाघाट स्थित एक किराये के कमरे में दबिश दी। इस दौरान एक नेपाली युवक के कब्जे से 491 ग्राम चरस बरामद की गई।
आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना दाड़लाघाट में एफआईआर नंबर 22/26, धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान आरोपी को न्यायालय में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड लिया गया और गहन पूछताछ की गई। जांच में खुलासा हुआ कि बरामद चरस जिला कुल्लू के जेरी गांव से एक व्यक्ति से खरीदी गई थी।
इसके बाद पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर दूसरे आरोपी की पहचान की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर 23 अप्रैल को जिला कुल्लू के जेरी गांव से 41 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को 24 अप्रैल को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।









