बद्दी, 27 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी की सक्रिय पहल और निरंतर प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण द्वारा दून विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकास कार्यों के लिए 67 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित विकास खंड अधिकारियों के खातों में जमा करवा दी गई है, जिससे कार्य शीघ्र शुरू किए जा सकें।
विधायक राम कुमार चौधरी ने बताया कि विकास खंड पट्टा के लिए 36.50 लाख रुपये जारी किए गए हैं। इस राशि से ग्राम पंचायत बरोटीवाला के सतीवाला में कम्युनिटी सेंटर निर्माण, भटोलीकलां के दसोरामाजरा में क्रेट वॉल, भटोली खुर्द में तालाब मरम्मत, कालुझंडा पंचायत में गूगा जी मंदिर से नरेश के घर तक टाइल रोड निर्माण, सूरजपुर पंचायत के टिपरा क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइल्स, ड्रेनेज व रिटेनिंग वॉल तथा गुल्लरवाला पंचायत में चक्कां रोड से खेड़ा मंदिर और नाहर सिंह मंदिर तक मार्ग व सुरक्षा दीवारों का निर्माण किया जाएगा।
इसी प्रकार विकास खंड नालागढ़ के लिए 30.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से ग्राम पंचायत किशनपुरा और मल्लपुर में विभिन्न विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
इनमें निहला बेला और गुरुमाजरा-ढेला मार्ग पर टाइल्स व ड्रेनेज पाइप बिछाने, दावलमाजरा में श्मशान घाट के पक्के रास्ते का निर्माण, बोलीवाला में कम्युनिटी सेंटर निर्माण तथा किशनपुरा में श्मशान घाट के शेड निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
वहीं मल्लपुर पंचायत की हरिजन बस्ती में भूमिगत ड्रेनेज व टाइल्स तथा अप्परला मल्लपुर में स्लैब कल्वर्ट व टाइल्स कार्य भी प्राथमिकता पर किए जाएंगे।
विधायक राम कुमार चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित के कार्यों में भविष्य में भी कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।








