छात्रों को किया जागरूक
नालागढ़, 27 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
डिग्री कॉलेज नालागढ़ के भूगोल विभाग द्वारा छात्रों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विशेष डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से भूकंप, बाढ़, भूस्खलन सहित विभिन्न आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों और सतर्कता के महत्व को विस्तार से समझाया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि संकट के समय सही निर्णय और त्वरित प्रतिक्रिया किस प्रकार जान-माल के नुकसान को कम कर सकती है।
इस अवसर पर भूगोल विभागाध्यक्ष Dr. Shivani Abrol ने आपदा प्रबंधन की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान के साथ मानसिक रूप से भी तैयार रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं सहायक प्राध्यापिका Sindhuja ने भी छात्रों को आपदाओं से निपटने के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी।
कॉलेज प्रशासन ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार और सजग नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करते हैं।
आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।








