रामपुर, 28 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश के थाना रामपुर के अंतर्गत पिपटी सार्वजनिक स्थान पर नशे की हालत में गाली-गलौच, शोर-शराबा और आम जनता के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि पिपटी क्षेत्र में एक व्यक्ति नशे की हालत में अभद्र व्यवहार कर रहा है तथा लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर आरोपी देविन्द्र सिंह पुत्र देवी दास निवासी सरला-परोग, उम्र 35 वर्ष को धारा 126/170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण खनेरी अस्पताल में करवाया गया, जहां एमएलसी रिपोर्ट में नशा सेवन की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपी को सोमवार को माननीय उपमंडलीय दंडाधिकारी (नागरिक) रामपुर के समक्ष पेश किया, जहां अदालत ने आरोपी को ₹5000/5000 के जमानत/मुचलके पर पाबंद किया। साथ ही आरोपी को 16 जून 2026 को पुनः न्यायालय में उपस्थित होने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








