/चिट्टा तस्करी के खिलाफ सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

चिट्टा तस्करी के खिलाफ सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

आदतन तस्कर निवारक हिरासत में भेजा।

सोलन 6 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा मादक पदार्थों, विशेषकर चिट्टा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत जिला सोलन पुलिस लगातार नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस द्वारा नशा तस्करी के अवैध कारोबार में संलिप्त आदतन अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा उनके विरुद्ध कानून के तहत कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।

इसी अभियान के अंतर्गत चिट्टा तस्करी में संलिप्त आदतन अपराधी हितेंदर ठाकुर पुत्र श्री हेम चंद निवासी गांव थाच, डाकखाना भराडीघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन के विरुद्ध जिला पुलिस द्वारा PIT NDPS Act, 1988 के तहत निवारक हिरासत की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेजा गया था।

प्रदेश सरकार एवं सक्षम प्राधिकारी द्वारा प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए आरोपी को तीन माह की अवधि के लिए निवारक हिरासत (Preventive Detention) में जिला कारागार भेजने के आदेश जारी किए गए।

आदेशों की अनुपालना करते हुए पुलिस थाना दाड़लाघाट की टीम ने दिनांक 05 मई 2026 को आरोपी को विधिवत हिरासत में लेकर आगामी तीन माह के लिए जिला कारागार सोलन भेज दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है और थाना दाड़लाघाट क्षेत्र का निवासी है।

जिला सोलन पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक कुल 13 आदतन अपराधियों को धारा 3(1), PIT NDPS Act, 1988 के तहत निवारक हिरासत में भेजा जा चुका है।

जिला पुलिस सोलन ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त आदतन अपराधियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।