/शिमला में एक बार फिर बम धमकी से हड़कंप।

शिमला में एक बार फिर बम धमकी से हड़कंप।

रोहड़ू अदालत व SDM कार्यालय खाली

शिमला, 6 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

जिला शिमला में बम होने की अफवाहों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटनाक्रम में पुलिस को भराड़ी रोड के समीप एक संदिग्ध पोस्टर मिलने की सूचना प्राप्त हुई, जिसमें Rohru स्थित अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय में बम विस्फोट की धमकी दी गई थी।

सूचना मिलते ही जिला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुरक्षा के मद्देनजर अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय को खाली करवा लिया।

परिसर में खड़े सभी वाहनों को हटाया गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता भी मौके पर बुलाया गया, जो पूरे क्षेत्र की गहन जांच में जुटा है। प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां सतर्कता के साथ तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं।

इस संबंध में थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा विधि अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

जिला शिमला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। पुलिस के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।


पुलिस ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने की अपील की