/रामशहर पंचायत चुनाव:

रामशहर पंचायत चुनाव:

प्रधान पद के लिए 2, उपप्रधान के लिए 4 नामांकन दाखिल

नालागढ़ 7 मई ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

नालागढ़ उपमंडल के रामशहर पंचायत में पंचायत चुनावों को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

लोकतंत्र की सबसे छोटी इकाई के इन चुनावों के तहत आज प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।


प्रोजाडिग अधिकारी दिलेर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधान पद के लिए 2, उपप्रधान पद के लिए 4 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 3 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस प्रकार पहले दिन कुल 9 नामांकन पत्र जमा हुए।


उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 7, 8 और 11 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी।

नामांकन पत्रों की छंटनी 12 मई को होगी, जबकि नाम वापसी की प्रक्रिया 14 और 15 मई को निर्धारित समयानुसार संपन्न करवाई जाएगी।


उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए मतदान 26 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद वार्ड सदस्य, उपप्रधान और प्रधान पदों की मतगणना की जाएगी तथा देर शाम तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।


गौरतलब है कि रामशहर पंचायत में कुल 9 वार्ड हैं और यहां लगभग 2800 मतदाता हैं। इस बार प्रधान पद सरकार द्वारा ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
प्रोजाडिग अधिकारी ने क्षेत्रवासियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अधिक से अधिक मतदान कर स्वच्छ छवि वाले उम्मीदवार का चयन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और लोगों में चुनाव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।