नालागढ़ खेड़ा वार्ड नामांकन के दौरान उमड़ी भारी भीड़, कई जगह लगा यातायात जाम
नालागढ़ 11मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश की औद्योगिक नगरी बद्दी-नालागढ़ में पंचायती राज चुनाव इस बार पूरी तरह शक्ति प्रदर्शन का रूप लेते दिखाई दे रहे हैं।
प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की तुलना में यहां पंचायत चुनाव किसी विधानसभा चुनाव से कम नजर नहीं आ रहे।
नालागढ़ के खेड़ा वार्ड से जिला परिषद के लिए नामांकन भरने पहुंचे प्रत्याशियों के दौरान अलग ही नजारे देखने को मिले।

कांग्रेस समर्थित महिला उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ नामांकन भरने पहुंचीं, वहीं भाजपा समर्थित उम्मीदवार के नामांकन के दौरान इतनी भीड़ उमड़ी कि क्षेत्र में लंबा यातायात जाम लग गया।
स्थिति यह रही कि नालागढ़ कॉलेज के पीछे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पार्किंग के लिए जगह कम पड़ गई। समर्थकों की भारी भीड़ और लगाए गए लंगर ने चुनावी माहौल को पूरी तरह उत्सव में बदल दिया।
पंजाब और हरियाणा की सीमा से लगे औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-नालागढ़ में पंचायत चुनावों का रंग प्रदेश के अन्य हिस्सों से काफी अलग दिखाई देता है।
यहां उम्मीदवारों द्वारा समर्थकों की भारी भीड़ जुटाना, भोजन और स्वागत कार्यक्रम आयोजित करना आम बात बन चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां पंचायत चुनावों में खर्च और प्रचार का स्तर काफी बड़ा हो गया है। चुनावी माहौल को लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि “इलेक्शन है, मौज करो भाई… विकास तो होता ही रहेगा।”







