शिमला, 11 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
शिमला के संजौली स्थित निर्माणाधीन भवन से ईंट गिरने से 14 वर्षीय बालक के घायल होने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को संजौली स्थित चौपड़ा निवास के निर्माणाधीन भवन की सातवीं मंजिल से ईंट गिरने के कारण एक 14 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल बालक को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला में भर्ती करवाया गया।
घटना के बाद पुलिस थाना संजौली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 125ए तथा बाद में धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की ।
पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए और गवाहों के बयान दर्ज किए। मामले में पहले शांता लाल चौपड़ा निवासी टनल व्यू, संजौली को 10 मई को गिरफ्तार किया गया था।
अब पुलिस ने मामले में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अवनीत निवासी जिला मंडी, जो वर्तमान में कृष्णा नगर शिमला में रहकर ठेकेदारी का कार्य करता है, तथा मोहम्मद इकबाल निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), जो वर्तमान में लक्कड़ बाजार शिमला में रहकर मिस्त्री का कार्य करता है, शामिल हैं।
दोनों आरोपियों को 11 मई को गिरफ्तार किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी हुई है।






