/नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस ने झोंकी ताकत,

नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस ने झोंकी ताकत,

सोलन में कल होगी अंतिम चुनावी रैली

सोलन 14 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस ने नगर निगमों और नगर निकाय चुनावों के लिए अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।

पार्टी द्वारा मंडी, पालमपुर, धर्मशाला और सोलन में नुक्कड़ सभाओं व रोड शो का आयोजन कर मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा ने बुधवार को शिमला में बताया कि मुख्यमंत्री सुक्खू, अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
विनय कुमार ने पालमपुर में नुक्कड़ सभाओं और रोड शो के माध्यम से कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाया।

उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिन गुरुवार को धर्मशाला के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सोलन के गंज बाजार में अंतिम चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।

विनोद ज़िंटा ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि चारों नगर निगमों में कांग्रेस भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी, क्योंकि प्रदेश की जनता कांग्रेस की नीतियों, निर्णयों और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों पर भरोसा जता रही है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा प्रदेश की जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है और झूठ की राजनीति की है, जिसका जवाब जनता इन चुनावों में देगी।

ज़िंटा ने यह भी दावा किया कि नगर निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीत का परचम लहराएंगे।

साथ ही उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पार्टी का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहेगा, वहां के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विशेष सम्मान दिया जाएगा।