मनमोहन सिंह ‘दानिश’ ने उठाए गंभीर सवाल, युवाओं को बचाने की अपील
सोलन(धर्मपुर) 14 मई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
पंचायत चुनावों की सरगर्मियों के बीच सोलन जिला की धर्मपुर पंचायत में बढ़ते ‘चिट्टे’ के प्रकोप को लेकर समाजसेवी एवं लेखक मनमोहन सिंह ‘दानिश’ ने गहरी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में उम्मीदवार विकास और अन्य मुद्दों की बात तो कर रहे हैं, लेकिन गांव में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार और युवाओं की मौतों पर गंभीर चर्चा नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि धर्मपुर पंचायत को नशे और चिट्टे के मामलों में “रेड जोन” में रखा गया है तथा कई युवा इस नशे की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं।
इसके बावजूद चुनावी माहौल में इस गंभीर सामाजिक समस्या को प्राथमिकता न मिलना चिंता का विषय है।
मनमोहन सिंह ‘दानिश’ ने बताया कि उनकी संस्था “जिओ ज़िंदगी” लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है।
संस्था ने सरकार से सभी सरकारी नौकरियों में डोप टेस्ट अनिवार्य करने की मांग की थी, जिस पर अब सरकार द्वारा कदम उठाए जाने की खबर सामने आई है।
उन्होंने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
उन्होंने कहा कि चिट्टे के कारोबार में कई सरकारी विभागों के कर्मचारी और कुछ पुलिस कर्मियों के शामिल होने के मामले भी सामने आए हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है। ऐसे में पूरे समाज को एकजुट होकर इस लड़ाई को लड़ने की जरूरत है।
उन्होंने बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और सकारात्मक माहौल उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि “जिओ ज़िंदगी” संस्था और गांव के कुछ युवाओं ने खेल मैदान के लिए स्थान भी चिन्हित किया था, लेकिन पिछली पंचायत द्वारा एनओसी नहीं दिए जाने के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ सका।
उन्होंने नई पंचायत से आग्रह किया कि जो भी प्रतिनिधि चुनकर आएं, वे गांव के बच्चों और युवाओं को नशे से बचाने को प्राथमिकता दें तथा सार्वजनिक रूप से बताएं कि चिट्टे की रोकथाम के लिए वे कौन-कौन से कदम उठाएंगे।
मनमोहन सिंह ‘दानिश’ ने कहा कि इस अभियान में “जिओ ज़िंदगी” संस्था, उसके सदस्य और पूरा गांव पंचायत के साथ खड़ा रहेगा।







