शिमला (रामपुर), 15 मई,
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।
जिला शिमला पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना रामपुर की टीम ने एक निजी कम्पनी के लोहे के पोल चोरी मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबू सिंह देशवाल, स्टेट मैनेजर, ऐरियल टेलीकॉम सॉल्यूशन प्रा. लि. शिमला ने थाना रामपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि चौका नाला तकलेच से रोहड़ू मार्ग पर कम्पनी के लगभग 70 एच-पोल (लोहे के पोल), जिन पर अभी तार नहीं लगी थी, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना रामपुर में अभियोग संख्या 55/2026, दिनांक 12 मई 2026 को धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन निरीक्षण किया। जांच में 5 और 6 मई 2026 की रात को एक बोलेरो कैम्पर वाहन घटना स्थल के आसपास लगातार आते-जाते दिखाई दिया।
स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद वाहन की पहचान विक्की पुत्र कौल राम निवासी गांव जमेडी, डाकघर लूहरी, तहसील आनी, जिला कुल्लू, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी विक्की को 13 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी सुरेश कुमार पुत्र रण बहादुर निवासी गांव जोहड़, डाकघर एवं तहसील करसोग, जिला मंडी, उम्र 35 वर्ष को भी गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पोल चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ एवं तस्दीक कर रही है तथा अन्य तथ्यों की भी जांच जारी है।







