नालागढ़ 15 मई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा—
पुलिस थाना मानपुरा में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अंकित पुत्र महेन्द्र निवासी गांव कपनेरी, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी मानपुरा ने पुलिस थाना मानपुरा में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर HP-12M-4357 मानकपुर स्थित उसके किराये के कमरे के बाहर से चोरी हो गई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान गठित विशेष टीम ने गांव चनाल माजरा में नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। शिकायतकर्ता ने उक्त मोटरसाइकिल की पहचान अपनी चोरीशुदा बाइक के रूप में की।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लोकेन्द्र सिंह सैणी अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेचने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसके आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कुल पांच चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
मामले की जांच के दौरान चोरीशुदा मोटरसाइकिलों की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य व्यक्तियों की भी पहचान की गई है, जिनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी जांच जारी है।






