जवानों को दिए विशेष दिशा-निर्देश
बद्दी, 23 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
आगामी पंचायत चुनावों के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस जिला बद्दी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों एवं होमगार्ड जवानों को विशेष ब्रीफिंग दी गई।

ब्रीफिंग के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी तथा उप पुलिस अधीक्षक बद्दी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।

साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए गए।
अधिकारियों ने जवानों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने, आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और अनुशासन बरतने के लिए भी प्रेरित किया।

पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।










