शिमला, 24 मई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा ।
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी एवं अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना नेरवा की टीम ने अवैध अफीम की खेती का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 को पुलिस थाना नेरवा की टीम गश्त एवं कानून-व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थी।
इसी दौरान ग्राम डोखरा के समीप एक सेब के बगीचे में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने मौके पर करीब 20 बिस्वा भूमि में कुल 2185 अफीम के पौधे बरामद किए।
पुलिस ने नियमानुसार 10 पौधों को नमूने के रूप में कब्जे में लिया, जबकि शेष 2175 पौधों को स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

इस संबंध में पुलिस थाना नेरवा में अभियोग संख्या 23/2026, दिनांक 22 मई 2026, धारा 18 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि संबंधित भूमि की डिमार्केशन के लिए संबंधित विभाग को आवेदन भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद भूमि स्वामी की पहचान कर उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









