/खेड़ा पंचायत में प्रवासी मजदूरों को मिली बड़ी राहत।

खेड़ा पंचायत में प्रवासी मजदूरों को मिली बड़ी राहत।

दूसरे राज्यों के राशन कार्ड पर भी मिलेगा अब राशन।

नालागढ़ 27 मई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ नयना वर्मा

उपमंडल नालागढ़ की खेड़ा पंचायत में प्रवासी मजदूरों को राशन संबंधी बड़ी सुविधा मिलनी शुरू हो गई है।

बेलीडियोड को-ऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष वर्तमान पंचायत चुनाव में पंचायत प्रधान पद के उम्मीदवार नंदलाल ठाकुर के प्रयासों से अब उत्तर प्रदेश और बिहार सहित अन्य राज्यों के राशन कार्ड धारक प्रवासी मजदूर खेड़ा डिपो से ही अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे।

सोसाइटी की ओर से पंचायत क्षेत्र में पोस्टर लगाकर लोगों को इस सुविधा की जानकारी दी गई है। पोस्टरों में स्पष्ट किया गया है कि दूसरे राज्यों के राशन कार्ड रखने वाले प्रवासी श्रमिक भी अब अपने कार्ड के माध्यम से खेड़ा डिपो से राशन ले सकते हैं।

प्रवासी मजदूरों ने बताया कि पहले उन्हें राशन प्राप्त करने के लिए नालागढ़ जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खर्ची होती थी।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब उन्हें स्थानीय स्तर पर ही राशन उपलब्ध हो रहा है, जिससे काफी राहत मिली है।

सिद्धार्थ स्पिनिंग मिल, राज इंडस्ट्रीज सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत प्रवासी मजदूरों ने बताया कि पहले इस सुविधा के अभाव में उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था और अनेक लोग राशन योजना के लाभ से वंचित रह जाते थे।
अब खेड़ा में ही राशन मिलने से उनकी समस्या का समाधान हुआ है।

मजदूरों ने इस पहल के लिए नंदलाल ठाकुर तथा बेलीडियोड को-ऑपरेटिव सोसाइटी के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम प्रवासी श्रमिकों के हित में बेहद सराहनीय है।