/झाड़माजरी में सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत

झाड़माजरी में सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत

चालक के खिलाफ मामला दर्ज।

बरोटीवाला, 25 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

। पुलिस थाना बरोटीवाला के अंतर्गत झाड़माजरी बाजार में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 की शाम विजय ठाकुर निवासी गांव व डाकघर सरयाला, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन को झाड़माजरी क्षेत्र में एक बस ने टक्कर मार दी।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।


उपचार के दौरान विजय ठाकुर ने दम तोड़ दिया। मृतक पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोप लगाया है कि बस संख्या HP93A-2146 के चालक ने वाहन को तेज रफ्तार, लापरवाही तथा गलत दिशा में चलाया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।


पुलिस थाना बरोटीवाला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।