/धर्मपुर के लिए ऐसी पंचायत चुनें जो विकास की नई दिशा देमनमोहन सिंह ‘दानिश’

धर्मपुर के लिए ऐसी पंचायत चुनें जो विकास की नई दिशा देमनमोहन सिंह ‘दानिश’

सोलन 25 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

धर्मपुर पंचायत के मतदाताओं के लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण और खुशी का अवसर है कि वे अगले पाँच वर्षों के लिए अपनी पंचायत का चयन करने जा रहे हैं। पंचायत गांव के विकास की आधारशिला होती है, इसलिए ऐसे प्रतिनिधियों का चुनाव होना चाहिए जिनमें दूरदृष्टि, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति समर्पण की भावना हो।

वोट देना या न देना प्रत्येक मतदाता का व्यक्तिगत अधिकार है, लेकिन मतदान करते समय यह अवश्य ध्यान रखें कि आपका निर्णय आने वाले पाँच वर्षों तक गांव की दिशा और दशा तय करेगा।

मनमोहन सिंह ‘दानिश’ ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें और ऐसे उम्मीदवारों को चुनें जो संकीर्ण सोच से ऊपर उठकर पूरे क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर सकें।

उन्होंने विशेष रूप से नशे, विशेषकर “चिट्टे” के बढ़ते प्रकोप पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि धर्मपुर पंचायत का नाम इस मामले में रेड ज़ोन के रूप में सामने आना पूरे क्षेत्र के लिए चिंता और शर्म का विषय है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चल रहे “जियो ज़िंदगी” अभियान को पंचायत का पूरा सहयोग मिलना चाहिए और इस लड़ाई में पंचायत सबसे बड़ी ताकत साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है। इसके लिए गांव में खेल मैदानों और सांस्कृतिक मंचों का विकास होना चाहिए ताकि बच्चों की प्रतिभा को निखारा जा सके।

साथ ही 15 अगस्त, 26 जनवरी और 2 अक्तूबर जैसे राष्ट्रीय पर्व पंचायत के सहयोग से भव्य रूप में मनाए जाएं तथा बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर प्रदान किए जाएं।

दानिश ने सरकारी स्कूल की भूमि और खेल मैदान की सुरक्षा को भी महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए कहा कि स्कूल की जमीन को संरक्षित रखने और खेल मैदान तक सुरक्षित एवं सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

उन्होंने मैदान को ड्राइविंग सीखने के लिए उपयोग किए जाने पर रोक लगाने की भी मांग की ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

गांव में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कई-कई दिनों तक पानी की आपूर्ति नहीं होना गंभीर विषय है। गिरी नदी के पानी की आपूर्ति में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए नई पंचायत को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना चाहिए।

इसके अलावा उन्होंने बस अड्डे और पार्किंग की कमी, टैक्सी चालकों के लिए स्थायी स्टैंड, हाईवे पर बने अनुपयोगी फुटब्रिजों में सुधार, सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था तथा सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों को भी पंचायत की प्राथमिकताओं में शामिल करने की बात कही।

उन्होंने सुझाव दिया कि वर्षों से निष्प्रयोज्य पड़े एमईएस यार्ड की भूमि को सरकार के माध्यम से पंचायत के उपयोग में लाने की प्रक्रिया शुरू की जाए, जिससे बस अड्डे और पार्किंग जैसी समस्याओं का समाधान संभव हो सके।

उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत और हार लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। जो भी उम्मीदवार निर्वाचित हों, वे खेल भावना का परिचय देते हुए सभी प्रत्याशियों और ग्रामीणों को साथ लेकर गांव के विकास के लिए कार्य करें। उन्होंने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए मतदाताओं से सोच-समझकर मतदान करने की अपील की।