/चुनावी आदेशों की अवहेलना पर रोहड़ू व चिड़गांव में मामले दर्ज।

चुनावी आदेशों की अवहेलना पर रोहड़ू व चिड़गांव में मामले दर्ज।

शिमला, 26 मई ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा ।

पंचायत, नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनाव-2026 के मद्देनज़र जिला दण्डाधिकारी शिमला द्वारा सभी लाइसेंसधारी शस्त्र धारकों को अपने हथियार पुलिस थाना, पुलिस चौकी अथवा अधिकृत गन हाउस में जमा करवाने के निर्देश जारी किए गए थे।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार 90 प्रतिशत से अधिक हथियार निर्धारित समय में जमा करवा दिए गए हैं।

निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस थाना रोहड़ू और पुलिस थाना चिड़गांव द्वारा विशेष अभियान चलाए गए। दूरदराज क्षेत्रों के लोगों की सुविधा हेतु मोबाइल संग्रह व्यवस्था उपलब्ध करवाई गई तथा फोन कॉल और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया गया।

इसके बावजूद अभिलेखों के अनुसार रोहड़ू और चिड़गांव क्षेत्र के कुछ लाइसेंसधारकों ने अपने हथियार जमा नहीं करवाए। प्रशासन द्वारा बार-बार सूचना देने और निर्देश जारी करने के बाद भी आदेशों की अनुपालना न करने को जिला दण्डाधिकारी के आदेशों की अवहेलना माना गया है।

इस संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 55/2026 तथा पुलिस थाना चिड़गांव में अभियोग संख्या 50/2026 दर्ज किया गया है। मामले धारा 223(ब) भारतीय न्याय संहिता एवं 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत पंजीकृत किए गए हैं।

पुलिस द्वारा दोनों मामलों की जांच जारी है।

पुलिस प्रशासन ने सभी लाइसेंसधारी शस्त्र धारकों से चुनाव अवधि के दौरान जारी आदेशों का पालन करने तथा निर्धारित नियमों के अनुसार अपने हथियार जमा करवाने की अपील की है।