सोलन, 26 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के दौरान सोलन जिलेके दूर दराज झांडू मतदान केंद्र में लोकतंत्र के प्रति समर्पण और जागरूकता की प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। 65 वर्षीय श्रीमती लीला देवी, जो लकवाग्रस्त (पैरालाइज्ड) हैं, ने शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

श्रीमती लीला देवी का यह जज्बा अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना। उन्होंने साबित कर दिया कि लोकतंत्र के महापर्व में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है और परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, मतदान का अधिकार और कर्तव्य निभाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाता है।

मतदान केंद्र पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके साहस और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।

श्रीमती लीला देवी का यह कदम समाज को मतदान के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करता है।







