नालागढ़ (रामशहर) 28 मई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिंदू व सिख भाइयों के प्राचीन गुरुद्वारा परिसर गुरु कुंड में 30 मई को एक दिवसीय विशाल कुश्ती मेले का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह बेदी ने प्रेस बयान जारी कर दी।
उन्होंने बताया कि कुश्ती प्रतियोगिता करीब 2 लाख रुपये की राशि की करवाई जाएगी। मेले में विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को कमेटी की ओर से हजारों रुपये की नगद इनाम राशि तथा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा कमेटी द्वारा यह आठवां विशाल कुश्ती मेला आयोजित करवाया जा रहा है तथा इसकी तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।
जोगिंदर सिंह बेदी ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे 30 मई को कुश्ती प्रांगण में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करें और कुश्ती का भरपूर आनंद लें।
उन्होंने बताया कि इस कुश्ती मेले में हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, मेघालय तथा जम्मू-कश्मीर सहित लुधियाना, जालंधर, फगवाड़ा और नवांशहर के नामी ग्रामीण पहलवान भाग लेकर अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे और लोगों का मनोरंजन करेंगे।





