सोलन (अर्की) 29 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
सोलन जिले के पिपलूघाट से सरयाज तक निर्माणाधीन सड़क का कार्य लंबे समय से पूरा न होने के कारण यह मार्ग वाहन चालकों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है।

सड़क की खराब स्थिति और कई स्थानों पर पर्याप्त चौड़ाई न होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
इसी क्रम में आज सुबह अर्की थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिपलूघाट-सरयाज सड़क पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।इस दुर्घटना में किसी की जान का नुकसान होने का समाचार नहीं मिल पाया लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है,जिसे लोगों के सहयोग से निकल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तंग सड़क पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से कार अचानक सड़क से नीचे उतर गई। हादसे के समय वाहन में सवार लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कार को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क की संकरी स्थिति और अधूरे निर्माण कार्य के कारण इस मार्ग पर वाहन चलाना काफी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई।







