सोलन (कसौली), 2 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सड़कें विकास की जीवन रेखा हैं और प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास के लाभ पहुंचाने के लिए सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

विक्रमादित्य सिंह ने आज कसौली उपमंडल में काणों के समीप निर्माणाधीन धर्मपुर-सुबाथू-कठनी सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित हो रहे 13 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए लगभग 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य 30 सितंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। मंत्री ने बताया कि यह मार्ग आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ क्षेत्र के किसानों की उपज को मंडियों तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

इस दौरान उन्होंने गढ़खल-कसौली को जोड़ने वाले निर्माणाधीन फ्लाईओवर पुल का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लगभग 25.60 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल के निर्माण से कसौली जाने वाले वाहनों की आवाजाही सुगम होगी तथा यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि यह पुल कसौली जैसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्र के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा और स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुविधा प्रदान करेगा।

इस अवसर पर कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, कांग्रेस मंडल कसौली के अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, उपमंडलाधिकारी कसौली महेंद्र प्रताप सिंह, अधीक्षण अभियंता राजेश शर्मा, अधिशासी अभियंता गुरमिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








