/नालागढ़ में प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग स्थल का सफल ट्रायल।

नालागढ़ में प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग स्थल का सफल ट्रायल।

पर्यटन को मिल सकती है नई उड़ान।

नालागढ़, 3 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया की अध्यक्षता में नालागढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग स्थल का प्रारंभिक निरीक्षण एवं ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कोईड़ी के मौजा बेहली स्थित प्रस्तावित टेक-ऑफ स्थल तथा मौजा झंडियां स्थित प्रस्तावित लैंडिंग स्थल का भौतिक सत्यापन किया गया।


स्थल की उपयुक्तता का आकलन करने के लिए अनुभवी पैराग्लाइडिंग पायलट ज्योति प्रकाश द्वारा एकल ट्रायल उड़ान संचालित की गई, जो सफल रही। ट्रायल के दौरान वायु प्रवाह, टेक-ऑफ और लैंडिंग की परिस्थितियों सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं का परीक्षण किया गया।


एसडीएम नरेंद्र आहलूवालिया ने बताया कि निरीक्षण और ट्रायल के आधार पर प्रारंभिक रिपोर्ट संबंधित विभागों को भेजी जाएगी। इसके बाद तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। सभी सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों पर खरा उतरने और आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।


उन्होंने कहा कि पैराग्लाइडिंग गतिविधियों की शुरुआत से नालागढ़ में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं के लिए प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।