बद्दी, 05 जून
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बद्दी पुलिस ने शुक्रवार को दो अलग-अलग मामलों में कुल 14.59 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं।
पहला मामला
पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने अल्ट्राटेक कंपनी बघेरी के पीछे स्थित शिव मंदिर पंडियाणा के पास दबिश देकर मनिन्दर सिंह निवासी गांव कुलाड़ी, तहसील नालागढ़ को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके मोटरसाइकिल से 7.62 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 61 एवं 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरा मामला
बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम ने नालागढ़ बाईपास रोड पर हनुमान मंदिर के समीप नाकाबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार से 6.97 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
इस मामले में अंकुश, महेन्द्र मैहता और विजय रशिक निवासी जिला शिमला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 29, 61 एवं 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पहले की कार्रवाई में आरोपी न्यायिक हिरासत में
गौरतलब है कि 3 जून 2026 को स्पेशल सेल-एक्स बद्दी ने दानोघाट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए विक्रम सिंह उर्फ रिंकू निवासी नंदपुर, लोधीमाजरा के कब्जे से 6.29 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।







