सोलन, 05 जून ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा विश्व मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीसीसी समन्वयक राधा चौहान ने की।
राधा चौहान ने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है और इस दौरान स्वच्छता बनाए रखना महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सुरक्षित सैनिटरी पैड, टैम्पोन या साफ एवं सूखे कपड़े के उपयोग तथा सैनिटरी पैड को हर 4 से 6 घंटे में बदलने की सलाह दी। साथ ही हाथों की स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और उपयोग किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने समाज में मासिक धर्म को लेकर फैली भ्रांतियों और संकोच को दूर करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि महिलाओं और किशोरियों को बिना झिझक अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर चर्चा करनी चाहिए और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाना चाहिए।
शिविर में प्रतिभागियों को मासिक धर्म स्वच्छता, संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम तथा प्रजनन स्वास्थ्य के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। विभाग ने सभी महिलाओं एवं किशोरियों से मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।







